गोपबंधु विद्यापीठ में हर्षोल्लास से मना शिक्षक दिवस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। हाई स्कूल गोपबंधु विद्यापीठ, टेल्को में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी ने शिक्षक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक समाज का वह व्यक्तित्व है, जिसकी सदैव इच्छा रहती है कि उसका विद्यार्थी उससे भी ऊंचे पद पर पहुंचे और समाज में प्रतिष्ठित स्थान प्राप्त करे। उन्होंने कहा कि शिक्षक के लिए वास्तविक सम्मान और गौरव का क्षण तब होता है, जब उसका विद्यार्थी सिटी टॉपर या स्टेट टॉपर बनता है।
प्राचार्य के निर्देशानुसार कक्षा द्वितीय से दशम तक के विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी कक्षाओं की साफ-सफाई एवं आकर्षक सजावट की। विद्यार्थियों ने कक्षा शिक्षकों के साथ केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया। साथ ही प्राचार्य एवं उपप्राचार्य के साथ भी खुशियां साझा कीं। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग एवं आत्मीयता का वातावरण रहा। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी, उप-प्राचार्य मंजू कुमारी, शिक्षक चितरंजन मोहंती, लड्डू, केसर पटनायक, सुभाष चंद्र नायक, लक्ष्मीकांत गिरी, शिक्षिकाएं बी.पी. पति, सुनीता कुमारी, पी. कामेश्वरी, कनिका जाना एवं अनु मिश्रा सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
तस्वीर उमाशंकर दुबे

