राष्ट्र संवाद के खबर का असर:सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल, डीसी ने दिए जांच के आदेश
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: जिले के कुंडहित प्रखंड अंतर्गत पालाजोड़ी पंचायत के सिद्धो-कान्हू मोड़ से यूएमएस सपसपिया तक बनी पीसीसी सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठे हैं। पत्रकार निजाम खान द्वारा राष्ट्र संवाद में प्रकाशित एक खबर में यह उजागर किया गया कि 24 लाख रुपए की लागत से एनआरईपी के तहत निर्मित इस सड़क में मात्र लगभग डेढ़ इंच की ही ढलाई की गई है और सड़क टूटने लगी है। खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद ने इस पर संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त कार्यालय से जारी पत्रांक संख्या 522 (I)/गो० के तहत जिला योजना पदाधिकारी चंद्रदेव पासवान को निर्देश दिया गया है कि वे ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता दूखा मंडल के साथ संयुक्त रूप से सड़क की गुणवत्ता जांच करें।
आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यह सड़क “सिद्धो-कान्हू मोड़ से सपसपिया स्कूल तक” अनाबद्ध निधि के तहत कार्यपालक अभियंता, एनआरईपी, जामताड़ा के कार्यालय द्वारा निविदा संख्या 03/NREP JMT/UNTIED/2024-25 के माध्यम से बनाई गई थी। उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उनके समक्ष प्रस्तुत की जाए, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू होने से स्थानीय लोगों में यह उम्मीद जगी है कि निर्माण कार्य में हुई अनियमितताओं पर उचित कार्रवाई होगी और भविष्य में इस तरह की लापरवाहियों पर अंकुश लगेगा।

