दुर्गा पूजा पर यातायात व्यवस्था को लेकर जामताड़ा में बैठक
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: आगामी दुर्गा पूजा 2025 को देखते हुए अनुमण्डल पदाधिकारी अनंत कुमार की अध्यक्षता में जामताड़ा में यातायात व्यवस्था को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी क्षेत्र में यातायात का सुचारु एवं सुगम संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा हुई।
अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग, वाहन पार्किंग स्थल, बैरिकेटिंग व्यवस्था तथा पड़ोसी राज्यों से आने वाले भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। पूजा के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अंचल अधिकारी जामताड़ा, नगर पंचायत जामताड़ा एवं नगर परिषद मिहिजाम के कार्यपालक पदाधिकारी, थाना प्रभारी जामताड़ा व मिहिजाम, यातायात निरीक्षक, मोटरयान निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे। साथ ही चैंबर ऑफ कॉमर्स, बार एसोसिएशन और ऑटो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में सहयोग का आश्वासन दिया।

