जामताड़ा में 30 गांवों में आयोजित हुई विलेज लेवल कार्यशालाएं
निजाम खान। राष्ट्र संवाद
जामताड़ा: आदि कर्मयोगी अभियान–रिस्पॉन्सिव गवर्नेंस प्रोग्राम के तहत जामताड़ा जिले के विभिन्न प्रखंडों के 30 चिन्हित गांवों में गुरुवार को विलेज लेवल कार्यशाला का आयोजन किया गया। साथ ही आदि सेवा केंद्र का भी शुभारंभ हुआ। इसमें करमाटांड के 6, फतेहपुर के 16, नाला के 7 और कुंडहित के 1 गांव शामिल हैं।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज एवं अपर समाहर्ता पूनम कच्छप ने नाला और कुंडहित प्रखंड कार्यालयों में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका और सामाजिक विकास पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा।
अधिकारियों को विलेज एक्शन प्लान तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही 2 अक्टूबर को जिले के सभी 480 चिन्हित गांवों में विशेष ग्राम सभा के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। अधिकारियों और प्रशिक्षकों से अभियान के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय योगदान देने की अपील की गई।
कार्यक्रम में संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, मास्टर ट्रेनर और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

