बिना नक्शा पास कर बनाए गए वेयरहाउस पर जिला परिषद की बड़ी कार्रवाई, 7 दिन में मांगा जवाब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर सुंदरनगर थाना क्षेत्र के पंचायत इलाके में बिना स्वीकृत नक्शे के बनाए गए वेयरहाउस के खिलाफ जिला परिषद ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला परिषद ने संबंधित फैक्ट्री और जमीन पर नोटिस चस्पा करते हुए मालिकों को सात दिनों के भीतर सभी वैध दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया है।
जिला परिषद की ओर से भीमसेन शर्मा, विमल शर्मा और अनिल गुप्ता को नोटिस जारी किया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने बिना नक्शा पास कराए वेयरहाउस का निर्माण कराया, जो नियमों का उल्लंघन है।
जिला परिषद अध्यक्ष बाड़ी मुर्मू ने बताया कि लंबे समय से अवैध निर्माण और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद यह कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना इस तरह का निर्माण संभव नहीं है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
अब सभी की नजर इस बात पर है कि नोटिसधारक सात दिनों के भीतर क्या जवाब देते हैं। जिला परिषद ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

