NEET पेपर लीक के विरोध में साकची गोलचक्कर पर प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: NEET एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में गुरुवार को जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर प्रदर्शनकारियों ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने हिस्सा लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर लंबे समय से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि आखिर करोड़ों छात्रों के भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वे दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में सड़कों पर उतरे हैं। उनका कहना था कि केवल सख्त कानून बनाने या औपचारिक कार्रवाई की घोषणा करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की आवश्यकता है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया गया, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की। उन्होंने मांग की कि लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के अंत में चेतावनी दी गई कि यदि छात्रों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई और शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तो देशभर में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जबकि मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

