पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब फैक्ट्री पर छापा, 13 पेटी शराब समेत भारी सामान जब्त
राष्ट्र संवाद संवादाता
पलामू: पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांकी थाना क्षेत्र में संचालित एक कथित अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब, स्प्रिट, नकली रैपर, सरकारी स्टीकर और खाली बोतलें बरामद की गईं.
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने पांकी थाना क्षेत्र के जीरो टोला बाधमरी स्थित लाला सिंह की बंद दुकान पर छापेमारी की.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 13 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब, लगभग 250 लीटर स्प्रिट, विभिन्न ब्रांडों के नकली रैपर, झारखंड सरकार के लोगो वाले 1940 स्टीकर, शराब में रंग मिलाने वाला पदार्थ तथा 1530 खाली शीशे की बोतलें बरामद कीं. सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है.
पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल कथित रूप से नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे नामी ब्रांड के नाम पर बाजार में बेचने के लिए किया जाता था. मामले में पांकी थाना कांड संख्या 123/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
इस छापेमारी अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने किया. अभियान में थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह समेत पांकी थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल रहे.
पलामू पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

