बर्मामाइंस में विकास को नई गति, विधायक पूर्णिमा साहू ने 69.10 लाख की योजनाओं का किया शिलान्यास
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिली है। विधायक पूर्णिमा साहू ने मंगलवार को बर्मामाइंस क्षेत्र में नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से स्वीकृत 69 लाख 10 हजार रुपये की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का शिलान्यास किया।

इन योजनाओं में हाई मास्ट लाइट, छठ घाटों का सौंदर्यीकरण, बोरिंग, चापाकल, नाली निर्माण, पेवर्स ब्लॉक, स्ट्रीट लाइट, सोलर पंप और पानी टंकी जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल हैं। इन विकास कार्यों से बर्मामाइंस, टेल्को, मनीफीट, जेम्को और प्रेमनगर समेत आसपास के क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि क्षेत्र की जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाओं का चयन किया जा रहा है। उनका उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र के हर मोहल्ले और बस्ती तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल, बेहतर रोशनी और जनसुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है, ताकि आम लोगों को समय पर इनका लाभ मिल सके।

