नवयुग दल का 31वां स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न
अभिभावक सम्मान समारोह में पुरखों की विरासत को सहेजने का दिया संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : गायत्री ज्ञान मंदिर, भालूबासा में रविवार को नवयुग दल (युवा मंडल) का 31वां स्थापना दिवस सह अभिभावक सम्मान समारोह धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि चंदेश्वर खान, गायत्री परिवार के वरिष्ठ सदस्य हर्ष देव शर्मा और शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि संतोष महतो उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में संस्थापक सदस्य सतीश पाल और दिनेशनंद ने संगठन के इतिहास पर प्रकाश डाला। मंच संचालन कर रहे राजेंद्र नेवार ने बताया कि नवयुग दल ने अब तक 62 बार रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, बाल संस्कार शाला, नशामुक्ति अभियान जैसी कई सामाजिक गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित किया है।
अतिथियों ने कहा कि गायत्री परिवार के युवा अपनी संस्कृति और विरासत को सहेज रहे हैं, यही देव संस्कृति की पहचान है। समारोह में अभिभावकों को प्रशस्ति पत्र और मंत्र पट्टा देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नवयुग दल की नई समिति का गठन भी किया गया। अलोक नारायण सिंह को संयोजक, के.पी. मालाकार और अमरजीत कुमार को सह संयोजक, संगीता शाल और नेहा भगत को सह संयोजिका, अमित कुमार को कोषाध्यक्ष तथा संजय वर्मा और अनिल विश्वकर्मा को सह कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

