‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ थीम पर जिला स्तरीय युवा उत्सव आयोजित, 250 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाया हुनर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर शुक्रवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 का आयोजन किया गया। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय झारखंड, नेहरू युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और जिला प्रशासन की खेल शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित उत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 250 से अधिक युवक-युवतियों ने भाग लिया।
‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ थीम पर आयोजित उत्सव का उद्घाटन अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी, जिला युवा पदाधिकारी मोंटू पातर और जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. कमल कुमार महतो उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में सामूहिक लोकनृत्य, लोकगीत, कविता लेखन, चित्रकला और नुक्कड़ नाटक शामिल रहे। विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहां से चयनित प्रतिभागियों को राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

