छतरपुर. एमपी के छतरपुर में आधीरात को एक दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया, जिसमें एक महिला और बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, एक 8 साल का मासूम मलबे दबे होने के बावजूद चमत्कारिक रूप से बच गया.
घटना छतरपुर के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम ऊजरा की है. बीती रात यहां 2 मंजिला मकान अचानक भरभरा गया. जोरादार आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो मलबे का ढेर देखकर हैरान रह गए. मलबे के नीचे दबने से 65 वर्षीय लुढ़की बाई और 13 वर्षीय कुमारी कामनी अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई. आनन-फानन में ग्रामीण न दोनों शवों को बाहर निकाला, इसी बीच एक 8 साल का बच्चा मलबे से जीवित बाहर निकला और उसे खरोंच तक नहीं आई.
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतकों के परिवार के अधिकतर सदस्य दिल्ली में रहते हैं. जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए छतरपुर जिला अस्पताल भेजा है, जहां बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा.
क्या थी हादसे की वजह?
वहीं, गढ़ी मलहरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है. गांव में अचानक इस तरह दो मंजिला मकान गिरने से हर कोई हैरान है. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मकान से लगी एक बड़ी दीवार का धसना हादसे का कारण माना जा रहा है, दीवार धसकने के कारण दो मंजिला मकान का पूरा ढांचा ढह गया, जिससे घर में सोए लोग इस भयानक हादसे का शिकार बन गए.
फिलहाल पीडि़त परिजन पप्पू आहिरवार ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है. वहीं, छत्तरपुर स्क्क रजत सकलेचा ने कहा, मकान गिरने से एक 65 साल की महिला और 13 साल की बच्ची की मौत हुई है. परिजन राज्य से बाहर हैं, इसलिए शवों को सुरक्षित जिला अस्पताल में रखवा दिया गया. परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमॉर्टम होगा. हादसे में एक 8 साल का मासूम बच्चा बच गया है. पूरी घटना की जांच की जा रही है.

