पोटका के शिक्षकों की जनगणना ड्यूटी स्थानीय स्तर पर लगाने की मांग, विधायक संजीव सरदार ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पोटका विधायक संजीव सरदार ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मिलकर पोटका प्रखंड के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की जनगणना ड्यूटी जमशेदपुर क्षेत्र से हटाकर पोटका में ही लगाने की मांग की है।
विधायक ने बताया कि पोटका के कई विद्यालयों के शिक्षक और प्रधानाध्यापक जनगणना कार्य के लिए जमशेदपुर में प्रतिनियुक्त किए गए हैं। इससे ग्रामीण विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित होने की आशंका है और छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
संजीव सरदार ने कहा कि इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है। उनका मानना है कि यदि शिक्षकों की ड्यूटी स्थानीय स्तर पर लगाई जाए तो शिक्षा व्यवस्था भी सुचारु रहेगी और जनगणना कार्य भी अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न होगा।
विधायक ने उपायुक्त से आग्रह किया कि शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित होने से बचाने के लिए पोटका प्रखंड के शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं की जनगणना ड्यूटी पोटका क्षेत्र में ही निर्धारित की जाए।

