विधानसभा में कुकड़ू थाना भवन का मामला विधायक ने रखा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल। ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने विधानसभा में तारांकित प्रश्न के माध्यम से कुकड़ू थाना भवन का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि कुकड़ू में बना थाना भवन लगभग 10 वर्षों से तैयार है, लेकिन अब तक इसका उपयोग शुरू नहीं किया गया है।
सरकार ने जवाब में बताया कि तिरुलडीह थाना के अंतर्गत तिरुलडीह, चौड़ा, कुकड़ू, ईचाडीह और लेटेमदा पंचायत शामिल हैं। बाद में कुकड़ू थाना को ‘बी’ श्रेणी का थाना अधिसूचित किया गया, लेकिन तिरुलडीह और कुकड़ू थाना का कार्यक्षेत्र समान होने के कारण कुकड़ू थाना का संचालन शुरू नहीं हो सका।
पुलिस मुख्यालय ने कुकड़ू थाना चालू करने के संबंध में उपायुक्त और क्षेत्रीय पुलिस उपमहानिरीक्षक से प्रस्ताव मांगा है। प्रस्ताव मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

