चीनी इस्पात के आयात में बेतहाशा वृद्धि भारतीय इस्पात उद्योग के लिए गंभीर चिंता : कैट
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 25 नवंबर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) ने चीन से बढ़ते स्टील आयात पर चिंता जताते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर भारतीय इस्पात उद्योग की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
CAIT के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया ने बताया कि अप्रैल से अगस्त 2026 के बीच भारत में तैयार स्टील का आयात 34.87 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 29.5 प्रतिशत अधिक है। इसमें चीन की हिस्सेदारी 31.8 प्रतिशत रही। इस दौरान भारत तैयार स्टील का शुद्ध आयातक बन गया।
उन्होंने कहा कि बढ़ते आयात से घरेलू इस्पात उद्योग, नए निवेश और रोजगार सृजन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। CAIT ने स्टील आयात की निगरानी, अनुचित मूल्य निर्धारण पर एंटी-डंपिंग एवं सेफगार्ड कार्रवाई और घरेलू उत्पादकों के लिए निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा सुनिश्चित करने की मांग की है।
सोंथालिया ने कहा कि यह मामला केवल इस्पात कंपनियों का नहीं, बल्कि लाखों श्रमिकों, व्यापारियों और सहायक उद्योगों के भविष्य से जुड़ा है। सरकार को घरेलू उद्योग और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल कदम उठाने चाहिए।

