बिरसानगर की बिजली समस्याओं को लेकर 28 नवंबर को डीवीसी कार्यालय का घेराव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर की विभिन्न बस्तियों में बिजली व्यवस्था की बदहाली, जर्जर एवं खुले तारों, घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहने और शिकायतों पर अधिकारियों की उदासीनता के विरोध में भाजपा बिरसानगर मंडल की ओर से 28 नवंबर को डीवीसी कार्यालय का घेराव एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी करेंगे।
इस दौरान डीवीसी प्रबंधन से जर्जर एवं खुले बिजली तारों को अविलंब बदलने, नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा बिजली व्यवस्था की समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग की जाएगी। मंडल अध्यक्ष ने भाजपा के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जनहित के इस आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

