बहन की शादी की खुशियां छोड़ ड्यूटी पर लौटा सिपाही, फिर मौत की खबर ने हिला दिया पुलिस महकमा! आखिर वर्दी पहनने वालों की जिंदगी का जिम्मेदार कौन!
इंद्र यादव | मुंबई
फिरोजाबाद/उत्तर प्रदेश | देश की कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस के जवानों की जिंदगी का एक ऐसा दर्दनाक पहलू सामने आया है, जिस पर सरकार, पुलिस विभाग और आला अधिकारियों को आईना देखने की जरूरत है। आम आदमी की सुरक्षा के लिए दिन-रात ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी आखिर खुद कितने सुरक्षित हैं? क्या उनकी अपनी कोई जिंदगी, परिवार, भावनाएं और जिम्मेदारियां नहीं होतीं? या फिर खाकी वर्दी पहनते ही उनसे इंसान होने का अधिकार भी छीन लिया जाता है?
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से सामने आई 26 वर्षीय सिपाही प्रेमवीर सिंह की मौत की खबर ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और जवानों पर बढ़ते कथित विभागीय दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बहन की शादी थी, घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन विभाग के एक आदेश ने सब कुछ बदल दिया।
जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के अरांव थाने में तैनात सिपाही प्रेमवीर सिंह 2018 बैच का जवान था। वह अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर अपने घर फर्रुखाबाद पहुंचा था। परिवार के बीच कुछ पल बिताने और शादी की खुशियों में शामिल होने की उसकी इच्छा थी। लेकिन इसी बीच अचानक उसकी छुट्टी निरस्त होने की सूचना मिली।
बताया जाता है कि छुट्टी रद्द होने के बाद प्रेमवीर को पारिवारिक खुशियां अधूरी छोड़कर वापस ड्यूटी पर लौटना पड़ा। घर की शादी, परिवार की उम्मीदें और अपनों के साथ बिताने वाले पल पीछे छूट गए। वह वापस तो वर्दी का फर्ज निभाने आ गया, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
देर शाम उसके कमरे से उसकी मौत की खबर सामने आई। 26 साल की उम्र में एक युवा सिपाही की जिंदगी का इस तरह खत्म हो जाना सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था के भीतर जवानों की मानसिक स्थिति पर गंभीर बहस का विषय है।
परिजनों ने लगाया मानसिक उत्पीड़न का आरोप, अब जवाबदेही किसकी!
मृतक सिपाही के परिजनों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों के कथित मानसिक उत्पीड़न और लगातार दबाव के कारण प्रेमवीर तनाव में था। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होना जरूरी है। केवल छुट्टी निरस्त होने की घटना को मौत का प्रमाणित कारण नहीं माना जा सकता। लेकिन परिवार के आरोपों को नजरअंदाज करना भी न्याय के साथ अन्याय होगा।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि कोई जवान मानसिक तनाव से गुजर रहा था, तो क्या विभाग के पास उसकी परेशानी सुनने और उसे सहयोग देने की कोई व्यवस्था नहीं थी?
क्या पुलिस विभाग में छुट्टी मांगना किसी गुनाह से कम है? क्या जवानों को अपने भाई-बहनों की शादी, माता-पिता की बीमारी और परिवार के सुख-दुख में शामिल होने का अधिकार नहीं है?
सरकार से सवाल: जवानों के लिए सिर्फ 24 घंटे की ड्यूटी, लेकिन उनके अधिकारों की कोई गारंटी नहीं!
सरकारें मंचों से पुलिस के आधुनिकीकरण, स्मार्ट पुलिसिंग और बेहतर कानून-व्यवस्था के बड़े-बड़े दावे करती हैं। पुलिसकर्मियों से बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा की जाती है। त्योहार हो, चुनाव हो, वीआईपी दौरा हो या कोई आपातकालीन स्थिति, सबसे पहले पुलिस जवानों को ही मोर्चे पर खड़ा कर दिया जाता है।
लेकिन सवाल यह है कि इन जवानों के मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक जीवन, पर्याप्त आराम और मानवीय जरूरतों की जिम्मेदारी कौन उठाएगा!
एक तरफ सरकार पुलिसकर्मियों से अनुशासन और समर्पण की अपेक्षा करती है, दूसरी तरफ यदि विभागीय व्यवस्था में उनकी समस्याओं को सुनने का प्रभावी तंत्र नहीं होगा तो जवान अपनी पीड़ा किसके सामने रखेंगे!
खाकी के पीछे भी एक इंसान होता है!
यह समझना होगा कि पुलिस की वर्दी पहनने वाला व्यक्ति मशीन नहीं है। उसके भी माता-पिता हैं, भाई-बहन हैं, बच्चे हैं, रिश्ते हैं और अपने जीवन की खुशियां हैं। वह भी थकता है, परेशान होता है और मानसिक दबाव महसूस करता है।
पुलिसकर्मियों को पर्याप्त छुट्टी, साप्ताहिक विश्राम, तनाव प्रबंधन, मनोवैज्ञानिक परामर्श और शिकायतों की निष्पक्ष सुनवाई जैसी सुविधाएं देना कोई सरकारी एहसान नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार प्रशासनिक व्यवस्था की जरूरत है।
प्रेमवीर सिंह की मौत के मामले में सरकार और पुलिस के उच्चाधिकारियों को चाहिए कि परिजनों के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। छुट्टी निरस्त करने के आदेश से लेकर कथित विभागीय दबाव और जवान की मानसिक स्थिति तक, हर पहलू की जांच हो। यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या उत्पीड़न सामने आता है तो कानून के मुताबिक जवाबदेही तय की जाए।
क्योंकि सवाल सिर्फ प्रेमवीर सिंह का नहीं है। सवाल उन हजारों पुलिसकर्मियों का है, जो दूसरों के घरों की सुरक्षा करते-करते कभी-कभी अपने ही परिवार से दूर हो जाते हैं।
आखिर कब समझेगा सिस्टम कि वर्दी के भीतर भी एक धड़कता हुआ दिल है!
जिस जवान से सरकार और समाज सुरक्षा की उम्मीद करते हैं, उसकी अपनी जिंदगी, सम्मान और मानसिक सुरक्षा की जिम्मेदारी भी उसी व्यवस्था की है।
बहन की शादी की खुशियां अधूरी छोड़कर ड्यूटी पर लौटे प्रेमवीर की मौत ने एक कड़वा सवाल छोड़ दिया है—क्या देश की सुरक्षा करने वाले जवानों की सुरक्षा और सम्मान के लिए भी कोई जवाबदेह व्यवस्था बनेगी!

