*गेट से वार्ता की मेज तक पहुंचा संघर्ष, इंडेन प्लांट में कामकाज बहाल*
*इंडेन बॉटलिंग प्लांट में झामुमो की पहल रंग लाई, समझौते के बाद धरना समाप्त; फिर शुरू हुई बॉटलिंग*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों के हक और शोषण के खिलाफ झामुमो की गम्हरिया प्रखंड कमेटी इन दिनों लगातार अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही है। न्यूनतम मजदूरी से लेकर कार्यदिवस और विस्थापितों के रोजगार तक, संगठन की पहल पर प्रबंधन को वार्ता की मेज तक आना पड़ रहा है। इसी कड़ी में इंडेन बॉटलिंग प्लांट में चार दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन बुधवार को सकारात्मक समझौते के साथ समाप्त हो गया। झामुमो प्रखंड कमेटी के नेतृत्व में चले आंदोलन के बाद प्रबंधन ने श्रमिकों और विस्थापित समिति की मांगों पर सहमति जताते हुए समाधान का आश्वासन दिया।
जिला उपायुक्त के साथ हुई वार्ता के बाद कंपनी प्रबंधन, विस्थापित समिति और झामुमो नेताओं की मौजूदगी में श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर के समक्ष समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। इसके बाद धरना समाप्त करने की घोषणा हुई और बॉटलिंग प्लांट में कामकाज फिर शुरू हो गया।
समझौते के तहत नई निविदा में विस्थापित समिति को प्राथमिकता दिलाने के लिए उसका आवेदन प्राप्त कर उपायुक्त सहित उच्चाधिकारियों को भेजने पर सहमति बनी। साथ ही नई निविदा जारी होने तक समिति से कार्य कराने के प्रस्ताव पर समान दर और शर्तों के आधार पर विचार किया जाएगा। शिफ्ट में बदलाव के कारण कम से कम कामगार प्रभावित हों, इसके लिए भी प्रयास करने पर सहमति बनी।
वार्ता में श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर, कंपनी के महाप्रबंधक जयदेव ओझा, उपमहाप्रबंधक प्रतिभा तिर्की, झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, प्रखंड अध्यक्ष भोंमरा माझी, जिला संगठन सचिव अमृत महतो, प्रखंड सचिव बैद्यनाथ टुडू, केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के तथा विस्थापित समिति के शत्रुघ्न महतो, तारिणी मंडल, होपना हांसदा, बुद्धेश्वर नायक और सुकू मार्डी उपस्थित थे।

