मानगो नगर निगम की निविदा प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप, मेयर ने कराई जांच शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो नगर निगम की अल्पकालीन ई-निविदा (ग्रुप-1 एवं ग्रुप-2) से जुड़ी शिकायतों और अभिलेखों की जांच में कथित प्रक्रियागत, प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितताएं सामने आने के बाद मेयर सुधा गुप्ता ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मेयर कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रारंभिक जांच में निविदा प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में नियमों से विचलन, अभिलेखों में कथित कमी, विधिवत लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LOA) जारी किए बिना संविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाने, अपूर्ण एकरारनामा, अग्रधन जब्ती एवं ब्लैकलिस्टिंग जैसी आवश्यक कार्रवाई नहीं करने तथा निविदा समिति की कार्यवाही में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं।
मेयर ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की विस्तृत जांच कर जिम्मेदारी तय करने और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही अन्य कथित “मैनेज टेंडर” मामलों की जांच के लिए नगर एवं आवास विकास विभाग के प्रधान सचिव को पत्र भेजा गया है।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी दावा किया गया है कि दिसंबर माह में हुए कुछ शिलान्यास कार्य बिना पूर्ण निविदा प्रक्रिया, प्राक्कलन और वर्क ऑर्डर के किए गए तथा बोर्ड गठन से पहले कथित रूप से बोर्ड की स्वीकृति के बिना टेंडर जारी किए गए। इन मामलों की जांच के लिए भी संबंधित अधिकारियों और विभाग को पत्राचार किया गया है।

