सोना देवी विश्वविद्यालय में बजट पश्चात वेबिनार का लाइव प्रसारण, ‘सबका साथ सबका विकास’ विषय पर विद्यार्थियों ने सुने प्रधानमंत्री के विचार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:सोना देवी विश्वविद्यालय में रविवार को विवेकानंद ऑडिटोरियम में आयोजित बजट पश्चात वेबिनार का लाइव प्रसारण विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से देखा और सुना। वेबिनार का विषय “सबका साथ, सबका विकास – जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना” था, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के शिक्षाविदों और संस्थानों को संबोधित किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ब्रज मोहन पत पिंगुआ और कुलसचिव डॉ. नित नयना भी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने देशभर के विभिन्न संस्थानों के विद्वानों द्वारा रखे गए सुझावों और विचारों को सुना। बताया गया कि इन सुझावों में से चयनित प्रस्तावों को केंद्र सरकार भविष्य की नीतियों और योजनाओं में शामिल कर सकती है।

वेबिनार में शिक्षा के माध्यम से रोजगार के अवसर, एवीजीसी कंटेंट क्रिएटर लैब्स, एसटीईएम के लिए महिला छात्रावास और राष्ट्रीय टेलेस्कोप योजना जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्रों में चर्चा की गई। इस कार्यक्रम से देशभर के एक हजार से अधिक शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि जुड़े।
चर्चा का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय बजट में घोषित रणनीतिक सुधारों को व्यावहारिक और परिणाममुखी ढांचे में बदलना था। इसमें भविष्य के अनुरूप पाठ्यक्रम, कौशल विकास, नवाचार इकोसिस्टम और शिक्षा से रोजगार के बेहतर संबंध पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को ध्यान में रखते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और कार्यबल की क्षमताओं के विस्तार पर भी विचार-विमर्श किया गया।
शिक्षा मंत्रालय के नेतृत्व में आयोजित सत्र में शिक्षा से रोजगार, उद्यमिता, यूनिवर्सिटी टाउनशिप, दिव्यांग कौशल योजना और अन्य शैक्षणिक सुधारों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

