स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए ‘लिबर्टी ब्लॉक’ एप लॉन्च
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को जमशेदपुर में डिजिटल समाचार मंच ‘लिबर्टी ब्लॉक’ के आधिकारिक एप का लॉन्च किया गया। गोलमुरी स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में संस्थापक निगम घोष ने कहा कि यह मंच पत्रकारों को राजनीतिक दबाव, कॉर्पोरेट प्रभाव और वैचारिक पक्षपात से मुक्त होकर काम करने का अवसर देगा।
उन्होंने बताया कि लिबर्टी ब्लॉक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय समाचारों, स्वतंत्र रिपोर्टिंग और जनसरोकार के मुद्दों पर विशेष रूप से कार्य करेगा। साथ ही युवा एवं स्वतंत्र पत्रकारों को अपनी बात रखने के लिए एक सशक्त डिजिटल मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
निगम घोष ने कहा कि यह मंच किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा से संबद्ध नहीं है और इसका उद्देश्य पारदर्शिता, जवाबदेही तथा अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को बढ़ावा देना है। एप लॉन्च के साथ ही लिबर्टी ब्लॉक ने स्वतंत्र पत्रकारिता और पत्रकार हितों को केंद्र में रखकर अपनी नई यात्रा शुरू कर दी है।

