पेनाल्टी शूटआउट में काली मंदिर मनोहरपुर बना चैंपियन, मिला एक लाख का पुरस्कार
*खेल आज युवाओं के लिए बेहतर कैरियर का माध्यम : जोबा मांझी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चक्रधरपुर
आनंदपुर एफसी के तत्वावधान में हाई स्कूल मैदान में आयोजित शहीद देवेंद्र माझी स्मारक तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में काली मंदिर मनोहरपुर ने पेनाल्टी शूटआउट में सरस्वती क्लब बंडामुंडा को हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में कुल 24 टीमों ने हिस्सा लिया।
फाइनल का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिंहभूम सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन गोल नहीं हो सका। पेनाल्टी शूटआउट में काली मंदिर मनोहरपुर ने बाजी मार ली। अम्बेडकर बस्ती आनंदपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। पुरस्कार वितरण में विजेता टीम को एक लाख रुपये व ट्रॉफी, उपविजेता को 60 हजार रुपये व ट्रॉफी तथा तीसरे स्थान की टीम को 40 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि फुटबॉल में जीत के लिए तालमेल, सामूहिक प्रयास और अनुशासन जरूरी है। खेल आज युवाओं के लिए बेहतर कैरियर का माध्यम भी बन रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत से सीख लेकर लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की सलाह दी।
मौके पर मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए. डोडराय, इंस्पेक्टर अमित रोशन कुल्लू, थाना प्रभारी प्रिंस झा, झामुमो जिला सचिव राहुल आदित्य, राजा रुद्र प्रताप सिंहदेव, संजीव गंताइत, राजू सिंह, अजय कच्छप, किशोर खलखो, पिंटू जैन, अघना कंडुलना, गणेश बोदरा, बंधना उरांव और कमल भुइयां समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी व खेलप्रेमी उपस्थित थे।

