बोलानी डीएवी स्कूल में तीन दिवसीय पुस्तक मेला शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बड़बिल
बोलानी टाउनशिप स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में शनिवार से तीन दिवसीय पुस्तक मेले की शुरुआत हुई। शारदा बुक एजेंसी, भुवनेश्वर की ओर से आयोजित मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि जीएम (प्रोजेक्ट) राहुराज मंडल, डीजीएम (सिविल एवं इंचार्ज) संजीव कुमार, डिप्टी मैनेजर (एचआर) गोपीबल्लभ कर, एजेंसी प्रतिनिधि अरुण कुमार महापात्र और विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभाकर महांति ने संयुक्त रूप से किया।
मेले में लगभग 12 हजार पुस्तकों का संग्रह प्रदर्शित किया गया है। इसमें विभिन्न विषयों की ज्ञानवर्धक, शिक्षाप्रद और मनोरंजक पुस्तकें उपलब्ध हैं। आयोजन शनिवार से सोमवार तक चलेगा।
उद्घाटन समारोह में राहुराज मंडल ने कहा कि डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के बीच बच्चों में पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करना जरूरी है। मोबाइल पर अत्यधिक निर्भरता से बच्चों की अध्ययन रुचि प्रभावित हो सकती है। उन्होंने पुस्तकों को गहन और स्थायी ज्ञान का महत्वपूर्ण स्रोत बताते हुए नियमित पठन-पाठन पर जोर दिया।
मेले को आकर्षक बनाने के लिए 21 और 23 नवंबर की शाम विद्यार्थियों की ओर से फूड स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें बच्चों द्वारा घर पर तैयार किए गए व्यंजन उपलब्ध होंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों के नृत्य और गायन सहित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए भी गीत-संगीत प्रस्तुति की व्यवस्था की गई है।
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों, विद्यार्थियों और पुस्तक प्रेमियों से मेले में भाग लेने की अपील की है।

