पोटका में 25वें रक्तदान शिविर में उमड़े रक्तदाता
*67 बार रक्तदान करने वाले मृण्मय पात्र सम्मानित*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
मंडल समिति जमशेदपुर की ओर से रविवार को माधवी रोड स्थित प्रमथनगर के सामाजिक भवन में 25वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। समिति की समाजसेवा की 25 वर्षों की परंपरा के तहत आयोजित रजत जयंती शिविर का उद्घाटन समाजसेवी सुनील कुमार दे और नेत्री दुखनी सोरेन ने किया। शिविर में पोटका सहित आसपास के गांवों के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
समाजसेवी सुनील कुमार दे ने लोगों से नियमित रक्तदान की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान सच्ची मानव सेवा है और इसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। जमशेदपुर ब्लड बैंक के डॉ. एन. झा ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए नियमित रक्तदान आवश्यक है।
शिविर में 67 बार रक्तदान कर चुके मृण्मय पात्र, 54 बार रक्तदान करने वाले सुदीप मंडल और 51 बार रक्तदान कर चुके उज्ज्वल कुमार मंडल को सम्मानित किया गया। वहीं, पहली बार रक्तदान करने वाली नेहा मंडल को भी वॉलंटरी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन (वीबीडीए) और समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
मौके पर सांसद प्रतिनिधि जसवंत महतो, जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा, पूर्व उपाध्यक्ष राज कुमार सिंह, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, पूर्व सदस्य सुदीप्ता डे, सनत मंडल, मनोज सरदार, पल्टू मंडल और शंकर मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे।

