जिले में 47 परिवारों ने नए आवास में किया गृह प्रवेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत रविवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में 47 लाभुक परिवारों ने नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश किया। प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार चांडिल में 6, गम्हरिया में 8, ईचागढ़ में 5, खरसावां में 4, कुचाई में 3, कुकड़ू में 7, नीमडीह में 6, राजनगर में 5 तथा सरायकेला में 3 परिवारों ने नए घर में प्रवेश किया।
कुकड़ू प्रखंड की बेराशी सिरूम और लेटेमदा पंचायत में प्रधानमंत्री आवास एवं अबुआ आवास योजना के लाभुक निखिल चंद्र महतो और उर्मिला महतो सहित अन्य परिवारों का विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर, मुखिया मस्जिद सिंह और युधिष्ठिर मांझी सहित अन्य उपस्थित थे। लाभुकों को पौधे और बधाई पत्र देकर शुभकामनाएं दी गईं।
वहीं, स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सरायकेला नगर भवन सहित प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों में पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था के संरक्षकों का सम्मान किया गया। विभिन्न पंचायतों में ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित करने के साथ ग्रामीणों को वीबी-जी राम जी योजना और ग्रामसभा के माध्यम से विकास योजनाओं के चयन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

