राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर
नगर निगम चुनाव को लेकर जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में मेयर प्रत्याशी कुमकुम श्रीवास्तव ने व्यापक पदयात्रा कर विभिन्न बस्तियों और मोहल्लों में जनसंपर्क किया। उनकी पदयात्रा बासु विहार से प्रारंभ होकर कुंवर सिंह रोड, काली मंदिर गली, पंडित लाइन, शर्मा लाइन, कालिकानगर बस्ती तथा खानखा रोड बस्ती से होते हुए आदर्श नगर, दाईगुट्टू शिव मंदिर लाइन, कारमु चौक, सार्दुल फैक्टरी रोड, झंडा सिंह स्कूल रोड, दीपासाई बस्ती, सुंदर गार्डन सोसाइटी, बालेश्वर पथ, संजय पथ, पारसनगर और शांतिनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची।
पदयात्रा के दौरान कुमकुम श्रीवास्तव ने स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद स्थापित किया और क्षेत्र की समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जनसमर्थन मिलता है तो क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा तथा जल, सड़क, नाली और स्वच्छता जैसी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा।
उन्होंने मतदाताओं से आगामी चुनाव में छड़ी छाप, क्रम संख्या 2 पर मुहर लगाकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, समर्थक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और पूरे मार्ग में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

