राष्ट्र संवाद संवाददाता
राकेश महतो की हत्या से पूरे डुमरी क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। उनका अधजला शव निमियाघाट थाना क्षेत्र के खांखी जंगल से बरामद किया गया, जिसके बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या से पहले राकेश महतो के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद अपराधियों ने पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को पेड़ के पत्तों के सहारे जलाने का प्रयास किया। घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार के नेतृत्व में निमियाघाट और डुमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आदेश दिया है। राकेश महतो डुमरी क्षेत्र के प्रभावशाली और लोकप्रिय राजनीतिक चेहरा थे। वर्ष 2016 में जिला परिषद चुनाव जीतने के बाद वे अध्यक्ष पद पर आसीन हुए थे। उनकी हत्या की खबर मिलते ही समर्थकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने डुमरी–फुसरो मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने भी घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से शीघ्र और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि राकेश महतो पार्टी के सक्रिय और जुझारू नेता थे, जिनकी लोकप्रियता क्षेत्र में व्यापक थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और अपराधियों की तलाश जारी है।

