रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। कपाली ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कांड संख्या 155/25 से जुड़े मामले में आरोपी सुशांतो कर्मकार (27) को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार यह मामला 19 सितंबर 2025 को दर्ज किया गया था, जिसमें भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट की धाराएं भी लगाई गई थीं। गिरफ्तार आरोपी मानगो के जवाहर नगर, रोड नंबर 15, पूर्वी सिंहभूम का निवासी बताया जा रहा है। कपाली ओपी पुलिस ने विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत के लिए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया। ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है तथा अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

