जेटेट परीक्षा नहीं होने पर विधानसभा में घिरी सरकार, विधायक पूर्णिमा साहू ने उठाया सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा के अल्पसूचित प्रश्नकाल में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने राज्य में जेटेट (JTET) परीक्षा आयोजित नहीं होने का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। सरकार के जवाब में स्वीकार किया गया कि वर्ष 2016 के बाद से अब तक जेटेट परीक्षा आयोजित नहीं हो सकी है।
विधायक पूर्णिमा साहू ने पूछा कि क्या शिक्षा विभाग ने झारखंड हाई कोर्ट में 31 मार्च 2026 तक जेटेट परीक्षा आयोजित करने का शपथ पत्र दिया है। इस पर सरकार ने बताया कि डब्ल्यूपी (एस) संख्या 5355/2025 हरिकेश महतो एवं अन्य बनाम राज्य सरकार मामले में उच्च न्यायालय ने 31 मार्च 2026 तक परीक्षा आयोजित करने का आदेश दिया है।
हालांकि सरकार ने यह भी माना कि परीक्षा के लिए नियमावली का केवल प्रारूप तैयार है और सक्षम स्तर से अनुमोदन की प्रक्रिया अभी जारी है। इस पर विधायक पूर्णिमा साहू ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि जब नियमावली ही स्वीकृत नहीं हुई है तो 31 मार्च तक परीक्षा आयोजित करना कैसे संभव होगा, जबकि अब केवल कुछ ही दिन शेष हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार रोजगार और युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि 2024 में भी नई नियमावली के नाम पर आवेदन लेने के बावजूद परीक्षा टाल दी गई थी, जो युवाओं के साथ अन्याय है। विधायक ने कहा कि सरकार एक ओर उच्च न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं कर रही है, वहीं दूसरी ओर झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।

