25 वर्षों से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ जिम्मेदार पत्रकारिता कर रहा है राष्ट्र संवाद :
सुभाष सिंह
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :राष्ट्र संवाद समूह के रजत जयंती समापन वर्ष के अवसर पर लीड इंडिया पब्लिशर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता सुभाष सिंह ने राष्ट्र संवाद परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों से “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ राष्ट्र संवाद ने जिम्मेदार और प्रतिबद्ध पत्रकारिता का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
सुभाष सिंह ने कहा कि आज के समय में जब पत्रकारिता कई चुनौतियों से गुजर रही है, ऐसे दौर में राष्ट्र संवाद ने जनहित, राष्ट्रहित और सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल खबरों का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की आवाज को मजबूत तरीके से उठाने वाला मंच भी रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्र संवाद के संपादक देवानंद सिंह ने पत्रकारिता के साथ-साथ संगठनात्मक स्तर पर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। लीड इंडिया पब्लिशर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में उन्होंने मीडिया संस्थानों और पत्रकारों के हित में कई सराहनीय कार्य किए हैं।
सुभाष सिंह ने राष्ट्र संवाद समूह की 25 वर्षों की सफल यात्रा की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी और विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी यह संस्थान राष्ट्रहित और जनहित की पत्रकारिता को उसी मजबूती के साथ आगे बढ़ाता रहेगा।

