जमशेदपुर पश्चिम की जनसमस्याओं पर जदयू की बैठक, अधिकारियों से जल्द मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 12 मई 2026। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को बिष्टुपुर में जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मानगो नगर निगम और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति क्षेत्र की खराब सड़कें, साफ-सफाई, नाला सफाई, पेयजल व बिजली आपूर्ति, डोर-टू-डोर कचरा उठाव, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। मानगो में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या पर भी गंभीर चिंता जताई गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि हेल्मेट जांच के नाम पर आम लोगों को अनावश्यक परेशानी हो रही है और गलत स्थानों पर लगाए गए चेकिंग पॉइंट से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों से शीघ्र संपर्क किया जाएगा। साथ ही, शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात करेगा।
बैठक में जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नू, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

