फूलों की कलाकृति से सजेगा जमशेदपुर, गोपाल मैदान में 28 दिसंबर से भव्य पुष्प प्रदर्शनी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर द्वारा 35वीं वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी (फ्लावर शो) का आयोजन 28 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक गोपाल मैदान में किया जाएगा। इस वर्ष प्रदर्शनी की थीम “टोपियरी” रखी गई है, जिसकी टैगलाइन “फैली है फूलों की कलाकृति, यही है जमशेदपुर की संस्कृति” है।
प्रदर्शनी में उत्कृष्ट पुष्पों, सजावटी डिज़ाइनों और नवाचारी कलाकृतियों की प्रतियोगिता होगी। कुल 10 प्रतियोगी वर्गों के अंतर्गत 208 सेक्शन रखे गए हैं। कोलकाता, भुवनेश्वर, रांची, पुणे, कालिम्पोंग सहित कई शहरों से बागवानी विशेषज्ञ भाग लेंगे। 41 नर्सरी स्टॉल और लगभग 15 फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
कार्यक्रम की जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष श्रीमती सुमिता नुपुर एवं महासचिव डॉ. अनुराधा मोहापात्रा ने दी। उद्घाटन 28 दिसंबर को होगा, जबकि 31 दिसंबर को पुरस्कार वितरण और 1 जनवरी की रात 9 बजे प्रदर्शनी का समापन होगा।

