आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन व क्लिनिकल इस्टेब्लिशमेंट एक्ट पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित
सिविल सर्जन की अध्यक्षता में निजी अस्पतालों व चिकित्सकों को दी गई अहम जानकारियाँ
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सिविल सर्जन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम की ओर से सोमवार को डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) एवं Clinical Establishment Act 2010 के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के निदेशानुसार एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण में जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, निजी अस्पताल, क्लिनिक एवं अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालकों ने भाग लिया। इस अवसर पर राज्य प्रशिक्षक रश्मि नंदे, डॉ. रंजना, जिला डाटा प्रबंधक दिलीप कुमार, जिला परियोजना समन्वयक (ABDM) एवं जिला कार्यक्रम समन्वयक (आयुष्मान भारत) उपस्थित रहे।
प्रशिक्षकों ने बताया कि आभा कार्ड के माध्यम से नागरिकों का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे इलाज प्रक्रिया अधिक सरल और पारदर्शी होगी। साथ ही सभी निजी स्वास्थ्य संस्थानों के लिए आभा कार्ड निर्माण, HFR एवं HPR में पंजीकरण को अनिवार्य बताया गया। Clinical Establishment Act के तहत निजी अस्पतालों के पंजीकरण, समय पर नवीनीकरण, बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों तथा सूचना बोर्ड व शुल्क सूची प्रदर्शित करने की अनिवार्यता पर भी जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के समापन पर सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने निर्देश दिया कि सभी निजी स्वास्थ्य संस्थान अधिक से अधिक लोगों का आभा कार्ड बनाएं और अपने संस्थानों का HFR व HPR में अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित करें।

