जमशेदपुर नगर निकाय चुनाव: रोजे में धूप में खड़ी रहीं महिलाएं, वोटर लिस्ट में ‘मृत’ दिखे जीवित मतदाता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर नगर निकाय चुनाव के दौरान कई मतदान केंद्रों पर अव्यवस्था को लेकर मतदाताओं में नाराजगी देखी गई। खासकर रोजा रखकर मतदान करने पहुंची मुस्लिम महिलाओं में उस समय आक्रोश बढ़ गया, जब उन्हें तेज धूप में घंटों खड़ा रहना पड़ा। आरोप है कि कुछ केंद्रों पर टेंट की व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे रोजेदार महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

मतदाताओं का कहना था कि रोजे की हालत में लंबी कतार और धूप ने स्थिति को और कठिन बना दिया। महिलाओं ने प्रशासन से बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं, G.L. Church School मतदान केंद्र पर टेंट लगाकर मतदान कराया गया, जिससे वहां कतार में लगे लोगों को राहत मिली। अन्य केंद्रों के मतदाताओं ने भी ऐसी ही व्यवस्था की मांग की।

इधर कई मतदाता मतदान केंद्रों पर इधर-उधर भटकते नजर आए। कुछ लोगों ने अपना परिचय पत्र दिखाते हुए आरोप लगाया कि वे जीवित हैं, लेकिन वोटर लिस्ट में उन्हें मृत दर्शाया गया है। एक मतदाता ने कहा, “मैं जिंदा हूं, फिर भी सूची में मृत लिखा है। आखिर दोषी कौन है मैं या सरकार?”
घटनाओं के बाद मतदाताओं में नाराजगी देखी गई, हालांकि प्रशासन की ओर से व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया गया है।

