

जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति का विजय मिलन समारोह संपन्न हो गया है, जिसमें शांतिपूर्ण एवं भव्य दुर्गोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले विभागों और पूजा समितियों को सम्मानित किया गया। जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति की ओर से बुधवार को सिदगोड़ा टाउन हॉल में विजय मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समिति के अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में शहर में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में भव्यता के साथ दुर्गा पूजा उत्सव संपन्न होने पर सभी पूजा समितियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, विभिन्न सरकारी संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
जमशेदपुर में विजय मिलन समारोह का आयोजन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारीब उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के सफल आयोजन की सराहना करते हुए सभी पूजा समितियों के अनुशासन, आपसी सहयोग, समर्पण एवं भक्तिभाव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सभी पूजा समितियों और आम नागरिकों के सकारात्मक सहयोग से ही शहर में शांति, सौहार्द एवं उत्साह के साथ दुर्गोत्सव संपन्न हो सका।
समारोह में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा, एडीएम (विधि-व्यवस्था), अपर उपायुक्त, मानगो नगर निगम के नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के अपर नगर आयुक्त सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी आरके सिंह एवं निर्मल कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विभागों और समितियों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर दुर्गा पूजा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभिन्न संस्थानों एवं विभागों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार जताया गया। सम्मानित होने वाले संस्थानों में टाटा स्टील यूआआईएसल, ट्रैफिक पुलिस, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, मानगो नगर निगम, नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस), पथ निर्माण विभाग जमशेदपुर, विद्युत विभाग जमशेदपुर एवं मानगो तथा अग्निशमन विभाग जमशेदपुर एवं मानगो शामिल रहे।
समारोह में शहर की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों को उनकी विशिष्ट थीम, धार्मिक-सांस्कृतिक प्रस्तुति, स्वच्छता, अनुशासन एवं सामाजिक सौहार्द के लिए भी सम्मानित किया गया। इनमें न्यू सिदगोड़ा दुर्गा एवं काली पूजा समिति (सिनेमा मैदान) को सनातन सभ्यता एवं संस्कृति पर आधारित भव्य पंडाल, एग्रिको दुर्गा पूजा समिति (क्लब हाउस) को भव्य पंडाल एवं मां दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा तथा ठाकुर प्यारा सिंह धुरंधर सिंह क्लब को ‘माटी से संस्कृति तक’ प्रकृति संरक्षण का संदेश एवं सनातन संस्कृति के दर्शन को लेकर विशेष सराहना मिली।
सांस्कृतिक और पारंपरिक प्रदर्शन की सराहना
वहीं, हिन्द क्लब दुर्गा पूजा समिति, कदमा को सनातन संस्कृति एवं आधुनिकता के अद्भुत संगम, मनीमेला दुर्गा पूजा समिति, कदमा को मां दुर्गा के दिव्य स्वरूप एवं सनातन संस्कृति की भव्य प्रस्तुति तथा श्री श्री हर पार्वती दुर्गा पूजा समिति, टेल्को को स्वर्णिम 50वें वर्ष के अवसर पर सोमनाथ मंदिर की अमर गाथा एवं सनातन संस्कृति के अद्भुत संगम के लिए सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में सोनारी सेंट्रल दुर्गा पूजा समिति को स्वच्छता एवं अनुशासन के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने, श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजन समिति, गांधी मैदान, मानगो को चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण पूजा आयोजन तथा श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, सिदगोड़ा (मिथिलांचल फूड प्लाजा) को आस्था, श्रद्धा एवं सनातन संस्कृति के भावपूर्ण उत्सव के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं, सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, गौरी शंकर रोड को सामाजिक एकता एवं सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक बनकर पूजा आयोजन करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, अध्यक्ष अचिंतम गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव आशुतोष सिंह, संरक्षक भीष्म सिंह, बृजभूषण सिंह, परमात्मा मिश्रा, गौतम प्रसाद, अभिषेक कुमार सिंह, चमनदीप सिंह गिल, किशोर साहू, अर्जुन शर्मा, हर्ष नायडू, ओमियो ओझा, सुरजीत चौधरी, शोभिक ओझा, इंद्रजीत सिंह, ततेन्द्र कुमार, नंदलाल सिंह, अशोक कुमार सिंह सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से समिति ने यह संदेश दिया कि दुर्गा पूजा धार्मिक उत्सव के साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक सहभागिता का भी प्रतीक है। सभी के सहयोग, समर्पण और जिम्मेदार भागीदारी से जमशेदपुर ने एक बार फिर शांति, सद्भाव और अनुशासन के साथ दुर्गोत्सव की गौरवशाली परंपरा को कायम रखा है।

