मंडल कारा व कल्याण योजनाओं की समीक्षा, पीवीटीजी सर्वे में तेजी लाने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को मंडल कारा एवं आईटीडीए अंतर्गत संचालित योजनाओं और कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कारा सुरक्षा, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा कल्याण विभाग की योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान मंडल कारा में कार्यरत एवं रिक्त पदों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, मुलाकाती व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, जैमर, ड्रैगन लाइट, वॉकी-टॉकी, सायरन और इलेक्ट्रिक फेंसिंग जैसे बिंदुओं पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने बंदियों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही नए जेल निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल चयन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
आईटीडीए एवं कल्याण विभाग की समीक्षा में पीवीटीजी परिवारों के सर्वे कार्य पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को सर्वे कार्य में गंभीरता बरतने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करने का निर्देश दिया।
बैठक में आवासीय विद्यालय, कल्याण अस्पताल, छात्रवृत्ति योजना, साइकिल वितरण, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, स्वास्थ्य सहायता योजना, वनाधिकार अधिनियम एवं बिरसा आवास सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन और पात्र लाभुकों तक लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया।

