भू-अर्जन कार्यों की समीक्षा, मुआवजा भुगतान में तेजी लाने के निर्देश
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को भू-अर्जन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न पथ परियोजनाओं की प्रगति, रैयतों को मुआवजा भुगतान, वाउचर संग्रहण तथा तकनीकी अड़चनों की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान रूपनारायणपुर से पोखरिया मोड़ तक सड़क निर्माण, एनएच से जुड़ी पथ योजनाओं तथा गोलपहाड़ी ओवरब्रिज परियोजना की प्रगति पर चर्चा हुई। कई परियोजनाओं में एफआरए अप्रूवल, फॉरेस्ट क्लियरेंस, जीएम लैंड और अन्य तकनीकी बाधाओं के कारण कार्य प्रभावित होने की बात सामने आई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कर परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में एनएच परियोजना के कार्यपालक अभियंता की अनुपस्थिति और कार्यों में शिथिलता पर नाराजगी जताई गई। उनके प्रतिनिधि को कार्यशैली में तत्काल सुधार लाने की चेतावनी दी गई।
उपायुक्त ने प्रभावित रैयतों की संख्या, प्राप्त वाउचर तथा मुआवजा भुगतान की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े सभी विभागों एवं अंचल अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर नियमानुसार सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

