
*ईएलसी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, मतदाता जागरूकता का मिला संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के ईचागढ़ और सरायकेला विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचक साक्षरता क्लब के माध्यम से निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मताधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, चांडिल में हुई। मौके पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता ने सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया। क्विज में चांडिल विद्यालय के अरिजीत बोराल और जयदीप गोराई की टीम प्रथम, एसपीजी उच्च विद्यालय खूंटी की बसंती कुंभकार और सोनाली महतो की टीम द्वितीय तथा एसएन प्लस टू उच्च विद्यालय टीकर की मनोज गोप और नैना साहू की टीम तृतीय रही।
वहीं, सरायकेला विधानसभा क्षेत्र की प्रतियोगिता एनआर प्लस टू उच्च विद्यालय में हुई। जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया। निबंध प्रतियोगिता में मैट्रिक और इंटर स्तर के पांच-पांच प्रतिभागी चयनित हुए, जबकि क्विज में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के दस विद्यार्थी चयनित किए गए।
दोनों आयोजनों के जरिए युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।

