
आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को राष्ट्रीय पहचान मिलना ऐतिहासिक कदम : चम्पाई सोरेन
*जनजातीय गौरव दिवस को बताया समाज के संघर्ष, बलिदान और योगदान के सम्मान का अवसर*
मृत्युंजय बर्मन
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
पूर्व मुख्यमंत्री एवं सरायकेला विधायक चम्पाई सोरेन ने जनजातीय गौरव दिवस को आदिवासी समाज के इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को सम्मान देने वाला ऐतिहासिक अवसर बताया। आदित्यपुर स्थित अटल पार्क में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की घोषणा कर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का काम किया है।
चम्पाई सोरेन ने कहा कि बाबा तिलका मांझी, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, पोटो हो, तेलंगा खड़िया, नीलांबर-पीतांबर और टाना भगत जैसे वीरों का संघर्ष देश के इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इनके बलिदान और योगदान को व्यापक स्तर पर सम्मान मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के बिना विकसित भारत की कल्पना अधूरी है। पीएम जनमन योजना के तहत सबर, असुर, बिरहोर, पहाड़िया और कोरवा जैसी विशेष रूप से कमजोर जनजातियों के विकास का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि झारखंड में स्वीकृत 36,630 आवासों में से 13,706 का निर्माण पूरा हुआ है। 490 गांवों में पाइप जलापूर्ति और 568 गांवों में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा पहुंचाई गई है।
चम्पाई ने शिक्षा के क्षेत्र में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में स्वीकृत 91 विद्यालयों में से 51 संचालित हैं। उन्होंने आदिवासी समाज को विकास और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी देने पर भी जोर दिया।

