निमडीह सीएचसी में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे मशीन का उद्घाटन 58 लाख की लागत से डीएमएफटी फंड से स्थापित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत संसद सह केंद्रीय सुरक्षा मंत्री संजय सेठ को चांडिल आना था, लेकिन उनके नहीं पहुंचने से भाजपा नेताओं में मायूसी देखी गई। इसके बाद स्थानीय विधायक सविता महतो ने रविवार को निमडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में 58 लाख रुपये की लागत से डीएमएफटी फंड से स्थापित अल्ट्रासाउंड एवं एक्सरे मशीन का फीता काटकर उद्घाटन किया।मौके पर जिप उपाध्यक्ष मधु श्री महतो, संसद के प्रतिनिधि के रूप में पप्पू वर्मा आदि उपस्थित थे।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को अब अल्ट्रासाउंड और एक्सरे जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी तथा मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने बताया कि करीब 58 लाख रुपये की लागत से डीएमएफटी फंड के माध्यम से अत्याधुनिक मशीनें स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित की गई हैं। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत होगी। विधायक ने भरोसा दिलाया कि जनता की हर जायज मांग को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनंत कुमार महतो, चांडिल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एच. एस. शेखर, भाजपा नेता पप्पू वर्मा, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, सचिन गोप, टिंकू राम महतो, राहुल वर्मा, नीलकमल महतो, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

