उलीडीह में सोना बनाने का झांसा देकर साधुओं ने महिला से लाखों के गहने ठगे, पुलिस जांच में जुटी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत उलीडीह ओपी अंतर्गत संजय पथ स्थित सर्वोदय पथ निवासी कंचन देवी से तीन साधुओं ने सोना बनाने का ढोंग रचकर तीन से चार लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने ठग लिए. कंचन देवी ने बताया कि साधुओं ने पत्थर को सोना बनाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और घर में रखे सोने की चेन, जिउतिया समेत अन्य गहने लेकर पोटली थमाकर फरार हो गए. साधुओं के जाने के बाद जब महिला ने पोटली खोला तो उसमें असली सोना नहीं था, जिसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई. घटना के समय महिला घर में अकेली थी. सूचना मिलने पर पति चंदन कुमार घर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है. इस संबंध में जानकारी देते हुए उलीडीह ओपी प्रभारी सारिक अली ने बताया कि शहर में इस तरह के जलसाजी के कई मामले सामने आ रहे हैं. महिला को भी झांसे में लेकर सोने के गहनों की ठगी की गई है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर साधुओं को चिन्हित कर लिया गया है. फिलहाल एक टीम बनाकर छापेमारी की जा रही है.

