टाटा वर्कर्स यूनियन के व्हाट्सऐप ग्रुप में विवाद, चुनाव से पहले गुटबाजी की चर्चा तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबरों के व्हाट्सऐप ग्रुप में एक मीडिया रिपोर्ट को लेकर विवाद गहरा गया है। यूनियन अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी उर्फ टुन्नू चौधरी की कार्यशैली की प्रशंसा से जुड़ी खबर साझा किए जाने के बाद उसकी सत्यता और दिल्ली में आयोजित इंटक अधिवेशन में प्रतिनिधियों के चयन को लेकर सदस्यों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
बहस के दौरान अध्यक्ष के कार्यकाल की आलोचना, व्यक्तिगत टिप्पणियों और चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए। इसी क्रम में कथित अशोभनीय भाषा के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई गई। एकाउंट्स डिवीजन के कमेटी मेंबर ओम प्रकाश शर्मा उर्फ बम बम ने सदस्यों से संवाद में मर्यादा बनाए रखने की अपील की।
वहीं, पूर्व सहायक सचिव एवं ट्यूब्स डिवीजन के कमेटी मेंबर सरोज सिंह ने अपने संदेश पर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के खिलाफ एथिक्स काउंसलर को ईमेल से शिकायत करने की बात कही। इस घटनाक्रम के बाद यूनियन के आंतरिक मतभेद और आगामी चुनाव से पहले संभावित गुटबाजी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। फिलहाल, मामले में औपचारिक शिकायत और यूनियन नेतृत्व की प्रतिक्रिया सामने आने का इंतजार है।

