संतरागाछी-जयपुर नई ट्रेन का टाटानगर में होगा भव्य स्वागत
26 अक्टूबर से शुरू होगी साप्ताहिक सेवा, श्याम भक्त मंडल कर रहा तैयारी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। संतरागाछी से जयपुर के बीच 26 अक्टूबर से शुरू होने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन का टाटानगर स्टेशन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके लिए श्याम भक्त मंडल, जमशेदपुर ने तैयारी शुरू कर दी है। ट्रेन सोमवार को संतरागाछी से रवाना होकर मंगलवार को जयपुर पहुंचेगी। टाटानगर स्टेशन पर इसका आगमन शाम 5:50 बजे होगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं श्याम भक्त मंडल, भालूबासा के संयोजक पवन अग्रवाल ने नई ट्रेन सेवा शुरू होने पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक पूर्णिमा साहू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस सेवा से कोल्हान के लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। राजस्थान से जुड़े लाखों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। श्रद्धालु बाबा खाटू श्याम के दर्शन आसानी से कर सकेंगे, वहीं छात्रों को कोटा जैसे शैक्षणिक केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
अग्रवाल ने 26 अक्टूबर को श्याम प्रेमियों और समाज के लोगों से टाटानगर स्टेशन पहुंचकर ट्रेन का स्वागत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ट्रेन के फेरों की संख्या बढ़ाने की मांग भी की जाएगी।

