झारखंड में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड में जैसे ही नगर निगम चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई है, वैसे ही राज्यभर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दलों के संभावित उम्मीदवार अपने-अपने स्तर पर चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं। इसी कड़ी में जमशेदपुर महानगर में भी चुनावी माहौल गर्माने लगा है।
भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव इन दिनों अपनी पत्नी कुमकुम श्रीवास्तव के चुनावी अभियान को मजबूती देने में पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे संगठनात्मक अनुभव और जनसंपर्क के माध्यम से लगातार लोगों से संपर्क साध रहे हैं।
कुमकुम श्रीवास्तव को शहर के विभिन्न समुदायों, सामाजिक संगठनों और महिलाओं का व्यापक समर्थन मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुमकुम श्रीवास्तव एक सरल, मिलनसार और समाज के प्रति समर्पित व्यक्तित्व की धनी हैं। उन्होंने पूर्व में भी समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई है, जिससे जनता के बीच उनकी अच्छी पहचान बनी है।
कुमकुम श्रीवास्तव का कहना है कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो वे विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए काम करेंगी। उनका लक्ष्य नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
नगर निगम चुनाव को लेकर जमशेदपुर में राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ रही है और आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और तेज होने की संभावना है।

