टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में गिद्ध जागरूकता दिवस, छात्रों ने निकाली रैली
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 5 सितंबर। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (TSZP) में अंतरराष्ट्रीय गिद्ध जागरूकता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के बीएससी विद्यार्थियों और जू कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान करीब 2 किलोमीटर की जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को टीएसजेडपी के निदेशक डॉ. नईम अख्तर, डॉ. एम. पालित, क्यूरेटर डॉ. एसके महतो एवं जीवविज्ञानी-सह-शिक्षा पदाधिकारी डॉ. सीमा रानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डॉ. नईम अख्तर ने कहा कि गिद्ध पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने और मृत पशुओं के निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. एम. पालित ने गिद्धों की घटती संख्या पर चिंता जताते हुए पशु चिकित्सा दवा डाइक्लोफेनाक को इनके लिए प्रमुख खतरा बताया। कार्यक्रम में महिला विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के दो माह के इंटर्नशिप कार्यक्रम का समापन भी हुआ और सफल इंटर्न को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का समन्वय डॉ. सीमा रानी ने किया। इस अवसर पर बिंदुबलया दास समेत जू के कर्मचारी उपस्थित रहे।

