जमशेदपुर में रिश्तों पर वार: बेटे ने पिता पर किया जानलेवा हमला, ‘भूत समझने’ का दावा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र से शुक्रवार देर रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने रिश्तों की नींव को झकझोर कर रख दिया। कृष्णा रोड स्थित एक घर में बेटे ने अपने ही पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पिता करण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे घर से अचानक चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। शोर सुनकर आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे, तो अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। घर के फर्श पर करण सिंह खून से लथपथ पड़े थे, जबकि उनका बेटा निशांत सिंह घटनास्थल पर ही मौजूद था।
स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी युवक को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आरोपी निशांत सिंह को हिरासत में लेकर उसके पास से हमले में इस्तेमाल किया गया चापड़ भी बरामद कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी युवक बार-बार यह कहता रहा कि उसने अपने पिता को “भूत” समझ लिया था। पुलिस के अनुसार, युवक की मानसिक स्थिति संदिग्ध प्रतीत हो रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में बेटे ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

