दलमा इको-सेंसिटिव जोन में अवैध क्रशर सील, खनिज और वाहन जब्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। दलमा वन्यप्राणी आश्रयणी के संवेदनशील क्षेत्र में बंद पड़े क्रशर को दोबारा संचालित किए जाने की सूचना पर जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने 29 सितंबर को पटमदा अंचल के धुसरा मौजा में निरीक्षण किया। अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्नव मिश्रा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में मौके पर अवैध रूप से संचालित क्रशर इकाई पाई गई, जिसे प्रदूषण नियंत्रण पर्षद ने सील कर दिया।

निरीक्षण के दौरान टाटा ऐस वाहन संख्या जेएच05एपी-1224, हरे रंग का जनरेटर, वेल्डिंग मशीन, दो वेल्डिंग रॉड पॉकेट, दो सब्बल, एक हथौड़ा, करीब 300 घनफुट पत्थर बोल्डर और 200 घनफुट पत्थर चिप्स जब्त किए गए। जब्त सामग्री और वाहन को सुरक्षित रूप से पटमदा थाना के सुपुर्द किया गया।
पूछताछ में श्रमिकों ने बताया कि क्रशर का संचालन सुभाष कुमार शाही द्वारा किया जा रहा था। प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के अनुसार संचालक के पास स्थापना एवं संचालन की वैध सहमति संबंधी दस्तावेज नहीं थे। वहीं वन विभाग ने बताया कि क्षेत्र दलमा वन्यप्राणी आश्रयणी के पारिस्थितिकी-संवेदनशील क्षेत्र में आता है, जहां क्रशर गतिविधि प्रतिबंधित है।
जिला प्रशासन के अनुसार बिना वैध खनिज अनुज्ञप्ति के खनिज का उत्खनन, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन और बिक्री कानूनन अपराध है। मामले में सुभाष कुमार शाही के विरुद्ध संबंधित खनिज कानूनों एवं अन्य प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

