पोटका के भूमिज समाज के सैकड़ों लोग 9 अक्टूबर को आदिवासी बचाओ रैली में भाग लेंगे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। आदिवासी भूमिज समाज की बैठक रविवार को गंगाडीह पंचायत के दाड़ियासाई में आयोजित किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भूमिज समाज के सैंकड़ों लोग 9 अक्टूबर को जमशेदपुर में आयोजित होनेवाली आदिवासी बचाओ रैली में भाग लेंगे। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भूमिज समाज के मांग के विरुद्ध कुड़मी समाज को आदिवासी सूची में शामिल करने के सभी निर्णय का विरोध किया जाएगा। भूमिज समाज के लोगों ने कहा कि केंद्र सरकार के दबाव में राज्यपाल संविधान के अनुच्छेद 342 के तहत अनुशंसा कर सकती है। उन्होंने कहा कि भूमिज समाज का यह मत है कि कुड़मी समाज आदिवासी नहीं है। इसलिए कुड़मी समाज के किसी भी मांग को स्वीकार नहीं किया जा सकता। भूमिज समाज के लोगों ने कहा कि केन्द्र की जुमला सरकार के इशारे पर राज्यपाल टीआरआई रिपोर्ट कुड़मी समुदाय के पक्ष में कर सकती हैं। यदि ऐसा हुआ तो कोल्हान में फूल कहीं नहीं दिखेगा। केला भी पूजने योग्य नहीं रहेगा और कैंची भी बाल काटने लायक नहीं रहेगा। रैली को सफल बनाने हेतु संयोजक मंडली का गठन भी किया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान शुभनयन सरदार,युधिष्ठिर सरदार,महीन सरदार, कृष्णा सरदार,पुतूल सरदार, नंदलाल सरदार, जगदीश सरदार सहित अन्य उपस्थित थे।

