जादूगोड़ा में आदिवासी भूमिज भाषा दिवस, उच्च स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल करने की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। मां रंकणी कापड़ गादीघाट, धुन कुड़िया भवन में रविवार को आदिवासी भूमिज भाषा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर भूमिज समाज ने भूमिज भाषा को उच्च स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अगुवाई बसंती सोरेन ने की और चेतावनी दी कि मांग पूरी न होने पर जोरदार आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कहा कि 5 अक्टूबर 2018 को भूमिज भाषा को द्वितीय राज्य भाषा का दर्जा प्राप्त हुआ, फिर भी इसे उच्च स्तरीय परीक्षाओं में शामिल नहीं किया गया। इस अवसर पर भूमिज बहुल गांवों के स्कूलों में भी भाषा की पढ़ाई की मांग उठाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत साल के पेड़ के नीचे दीप प्रज्वलन और पूजा अर्चना के साथ हुई। इसमें आदिवासी नेता सिदेश्वर सरदार, बसंती सोरेन, विभीषण सरदार, जयपाल सिंह सरदार, कालीकरण सरदार, रामेश्वर सरदार और कई ग्राम प्रधान एवं ग्रामीण शामिल हुए।

