तीसरी सोमवारी पर सूर्य मंदिर से निकलेगी भव्य जलाभिषेक यात्रा
11 से 15 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना, काशी की तर्ज पर होगी महाआरती
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सूर्य मंदिर समिति, सिदगोड़ा की ओर से 17 अगस्त को सावन की तीसरी सोमवारी के अवसर पर भव्य सामूहिक जलाभिषेक यात्रा निकाली जाएगी। इसे लेकर गुरुवार को समिति के पदाधिकारियों ने भालूबासा स्थित एक होटल में पत्रकार सम्मेलन कर तैयारियों की जानकारी दी। समिति के अनुसार यात्रा में करीब 11 से 15 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि श्रद्धालु सुबह 7 बजे बारीडीह हरि मंदिर मैदान में एकत्रित होंगे, जहां सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र गंगाजल से संकल्प एवं पूजन के बाद सूर्य मंदिर शिवालय के लिए यात्रा रवाना होगी। यात्रा में भजन-कीर्तन, भक्तिमय संगीत, आकर्षक झांकियां और पुष्पवर्षा मुख्य आकर्षण होंगे। यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक पूर्णिमा साहू समेत शहर के गणमान्य लोग भी शामिल होंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए दो एम्बुलेंस के साथ मेडिकल टीम तैनात रहेगी। यातायात व्यवस्था एवं जलाभिषेक में सहयोग के लिए 200 से अधिक सूर्यधाम सेवक सक्रिय रहेंगे। बाबा बैद्यनाथ धाम की तर्ज पर अरघा के माध्यम से जलार्पण की व्यवस्था की गई है। जलाभिषेक के बाद सोन मंडप परिसर में महाप्रसाद का वितरण होगा, जिसके लिए 20 काउंटर और पानी के 15 काउंटर बनाए जाएंगे।
काशी की तर्ज पर होगी भव्य महाआरती
समिति के महासचिव अखिलेश चौधरी ने बताया कि तीसरी सोमवारी की संध्या सूर्य मंदिर परिसर के छठ घाट तालाब पर काशी के गंगा घाट की तर्ज पर भव्य महाआरती होगी। वाराणसी से 11 सदस्यीय प्रशिक्षित मंडली पारंपरिक वाद्ययंत्र, शंखध्वनि, दीपमालाओं और मंत्रोच्चार के साथ महाआरती संपन्न कराएगी। इस दौरान आतिशबाजी भी होगी।
मीडिया प्रभारी प्रेम झा एवं प्रमोद मिश्रा ने श्रद्धालुओं से परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर जलाभिषेक यात्रा और महाआरती को सफल बनाने की अपील की।

