घाटशिला विधानसभा उपचुनाव: पीठासीन एवं प्रथम मतदान अधिकारियों के प्रथम चरण के प्रशिक्षण की शुरुआत
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर, 11 अक्टूबर — घाटशिला विधानसभा उपचुनाव-2025 के स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए पीठासीन अधिकारी एवं प्रथम मतदान अधिकारी के प्रथम चरण के प्रशिक्षण की शुरुआत वीमेंस यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर में की गई।
प्रशिक्षण का उद्घाटन जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने किया और प्रशिक्षणार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, दक्षता और सजगता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मतदान दल लोकतंत्र की रीढ़ हैं और निष्पक्ष मतदान का दायित्व उन्हीं पर निर्भर करता है।
प्रशिक्षण में ईवीएम और वीवीपैट के संचालन, मतदान पूर्व व पश्चात की प्रक्रिया, प्रपत्रों के उपयोग और मतदान केंद्र की व्यवस्था से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी, जिससे प्रत्येक गतिविधि की निगरानी वास्तविक समय में की जा सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के सभी निर्देशों को गंभीरता से समझें और मतदान दिवस पर आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।
इस अवसर पर राहुल आनंद, सचिदानंद महतो, डॉ. रजनीकांत मिश्रा और नेहा संजना खलखो सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

